भोपाल। राजधानी के अलग-अलग क्षेत्रों में बीते चौबीस घंटों के दौरान तीन व्यक्तियों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले सामने आए हैं। ये घटनाएं अशोका गार्डन, बागसेवनिया और टीटी नगर थाना क्षेत्रों की हैं, जहाँ पुलिस को किसी भी स्थान से सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
अशोका गार्डन थाना पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय अभिषेक मालवीय ने अपनी पत्नी के मायके जाने के बाद तनाव में आकर फांसी लगा ली, वहीं, बागसेवनिया क्षेत्र के आदर्श नगर बस्ती में रहने वाले 32 वर्षीय मजदूर राजकुमार आठिया का शव रविवार सुबह फंदे से लटका मिला। तीसरी घटना टीटी नगर थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर की है, जहाँ 29 वर्षीय बृजेश चौहान ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बृजेश 2019 में एक सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद से शारीरिक अक्षमता के कारण परेशान रहते थे। पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और बयानों के आधार पर जांच जारी है。
