भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) कॉर्पोरेट कार्यालय, नई दिल्ली के अतिरिक्त महाप्रबंधक एवं उप-समिति के संयोजक प्रविण चौधरी द्वारा एक आधिकारिक सूचना जारी की गई है। इसके अनुसार, भेल की मौजूदा इंसेंटिव स्कीम (प्रोत्साहन योजना) की समीक्षा करने और अपनी सिफारिशें सौंपने के लिए गठित संयुक्त समिति की उप-समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आगामी 3 जुलाई 2026 को भोपाल में आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 11:00 बजे से शुरू होगी, जिसके निश्चित स्थान (वेन्यू) की जानकारी जल्द ही अलग से साझा की जाएगी। बैठक में शामिल होने वाले विभिन्न राज्यों और यूनिट्स के पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था 2 जुलाई (दोपहर बाद) से 4 जुलाई 2026 (पूर्वाह्न) तक भेल, भोपाल के गेस्ट हाउस में की गई है।
जारी पत्र के अनुसार, इस उच्च स्तरीय बैठक में देश के प्रमुख श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और भेल के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इनमें इंटक हरिद्वार के सचिव राजबीर सिंह, एटक हरिद्वार के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एके दास, बीएमएस भोपाल के कमलेश नागपुरे, एनएफआईटीयू हरिद्वार के विकास कुमार, एचएमएस हरिद्वार के मनीष कुमार सिंह और सीटू झांसी के रंजीत सिंह मुख्य रूप से भाग लेंगे। इसके अलावा कॉर्पोरेट कार्यालय से एम. श्रीधर , ऑगस्टिन जाजा, राकेश रंजन कुमार, सुपर्णा शिवकुमार और भोपाल यूनिट से जगदीश तनवानी भी इस समीक्षा बैठक का हिस्सा होंगे। इस बैठक को भेल के कर्मचारियों की इंसेंटिव नीति में बदलाव और सुधार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
