भोपाल। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध ‘हैवी इलेक्ट्रिकल्स वर्कर्स यूनियन’ बीएचईएल भोपाल की वार्षिक आमसभा का भव्य आयोजन शुक्रवार को ठेंगड़ी भवन स्थित प्रदेश कार्यालय में किया गया। इस आमसभा में संगठन की रीति-नीति और विधान के अनुसार सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें संजय चौधरी को यूनियन का नया अध्यक्ष और कमलेश नागपुरे को पुनः महामंत्री निर्वाचित किया गया है। एवं कोषाध्यक्ष बेदीलाल श्यामकर व कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण पटवा नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय चौधरी ने अपने संबोधन में सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प जताया कि नई कार्यकारिणी बीएचईएल के कर्मचारियों के हितों, उनके अधिकारों के संरक्षण और संगठन की मजबूती के लिए नई ऊर्जा के साथ निरंतर कार्य करेगी।

यूनियन की इस महत्वपूर्ण आमसभा की अध्यक्षता निवर्तमान संघ अध्यक्ष विजय सिंह कठैत ने की। बैठक की शुरुआत में महामंत्री कमलेश नागपुरे ने संघ के विगत वर्ष के कार्यों का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, वहीं कोषाध्यक्ष शिशुपाल यादव ने आय-व्यय का लेखा-जोखा सामने रखा, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। इसके पश्चात निवर्तमान अध्यक्ष विजय सिंह कठैत ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की।
आमसभा के सदस्यों की सहमति से भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया था। चुनाव प्रक्रिया के दौरान संजय शर्मा द्वारा नवीन कार्यकारिणी का पैनल प्रस्तुत किया गया। मैदान में अन्य कोई पैनल सामने न आने के कारण चुनाव अधिकारी द्वारा नई कार्यकारिणी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
