भोपाल। राजधानी में बढ़ते अपराध और अवैध हथियारों के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच ने शनिवार को दो अलग-अलग कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। पहली कार्रवाई में क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि सुभाष नगर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 19 वर्षीय कान्हा सेन को गिरफ्तार किया। आरोपी गंज बासौदा का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में वह हथियार रखने का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वहीं दूसरी कार्रवाई में जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के जेल पहाड़ी रोड स्थित जनसंवेदना कार्यालय के पास से 28 वर्षीय शेख फैजान को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ मारपीट, जुआ और सट्टा से जुड़े कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक आर्म्स एक्ट के 9 मामलों में 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाईयों के दौरान 9 पिस्टल, 2 राइफल, 2 देशी कट्टे, 9 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन और एक कार जब्त की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में सक्रिय अवैध हथियार नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क और संभावित गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में अवैध हथियार तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
